विरार की ग्लोबल सिटी में बंदर का आतंक, 20 दिनों से सोसायटी के निवासियों में दहशत |

Share:

बच्चराज लाइफस्पेस सोसायटी में बंदर का उत्पात; घरों में घुसकर सामानों को पहुंचा रहा नुकसान, वन विभाग से सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की मांग

विरार : विरार के ग्लोबल सिटी इलाके में स्थित बच्चराज लाइफस्पेस सोसायटी के निवासी पिछले करीब 20 दिनों से एक बंदर के उत्पात से परेशान हैं। सोसायटी परिसर से लेकर गार्डन और रहवासी घरों तक बंदर की लगातार आवाजाही बनी हुई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बंदर कई बार घरों में घुसकर सामानों की तोड़फोड़ कर रहा है और घरेलू वस्तुओं को नुकसान पहुंचा रहा है।

बंदर की लगातार मौजूदगी के कारण सोसायटी में रहने वाले छोटे बच्चों और महिलाओं के बीच डर का माहौल बना हुआ है। परिसर में खुलेआम घूम रहे बंदर की वजह से लोगों को घरों से बाहर निकलने और बच्चों को गार्डन में खेलने देने में भी परेशानी हो रही है।

निवासियों का कहना है कि पिछले करीब 20 दिनों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक बंदर को पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। रहवासियों ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप करने और बंदर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि सोसायटी के बच्चों, महिलाओं और अन्य नागरिकों को भयमुक्त वातावरण मिल सके।

Share: