न्यू कॉलेज रोड पर टायर दुकानदार की मनमानी; अग्रवाल, नारंगी और डोंगरपाड़ा में होटल-रेस्टोरेंट संचालकों पर भी गंदगी फैलाने की शिकायत
विरार : वसई-विरार शहर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की कथित लापरवाही से सार्वजनिक पेड़ों के संरक्षण पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विरार पश्चिम के न्यू कॉलेज रोड पर एक टायर दुकान के बाहर पेड़ पर पुराने टायर लटकाए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर यह शिकायत भी की गई है कि पेड़ के आसपास टायरों का ढेर और कचरा जमा है। इससे पेड़ों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्वच्छता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
कई इलाकों में पेड़ों के व्यावसायिक इस्तेमाल की शिकायत
इसी तरह अग्रवाल, ग्लोबल सिटी, नारंगी और डोंगरपाड़ा क्षेत्रों में भी कुछ होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर लगे पेड़ों पर सामान लटकाने तथा उनके आसपास गंदगी फैलाने के आरोप हैं।
शहर में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरियाली को बचाना पहले ही एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में सार्वजनिक पेड़ों का व्यावसायिक इस्तेमाल और उनके आसपास कचरा जमा होना पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों पर सवाल खड़े करता है।
मनपा से निरीक्षण और कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने वसई-विरार महानगरपालिका के उद्यान एवं स्वच्छता विभाग से संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि पेड़ों को नुकसान पहुंचाने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब देखना होगा कि मनपा प्रशासन इन शिकायतों पर कब संज्ञान लेता है और शहर के सार्वजनिक पेड़ों तथा स्वच्छता की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाता है।


