📍नालासोपारा पश्चिम | तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक
संवाददाता: साहिल यादव
नालासोपारा पश्चिम के सोनार आळी स्थित नाना शंकर शेठ चौक इलाके में सोमवार रात लगभग 9:30 बजे एक लंबे समय से बंद पड़े मकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह मकान कलाल परिवार का है, जो कई वर्षों से खाली पड़ा हुआ था।
आग लगने की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। घर के भीतर लकड़ी और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं की अधिक मात्रा होने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं और आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि तड़के सुबह आग फिर से सुलग उठी, जिसके बाद दमकल कर्मियों को दोबारा कार्रवाई करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है।