मुंबई में मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों और कैमरामैन के लिए एक विशेष ‘पत्रकार एम्बुलेंस सेवा’ की शुरुआत की गई है। इस सेवा का उद्घाटन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। यह पहल RBG फाउंडेशन और TV जर्नलिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई है। इसका उद्देश्य ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में पत्रकारों और कैमरामैन को तुरंत चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना है। मुंबई महानगर में इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकार दिन-रात घटनास्थलों पर पहुंचकर आम जनता तक ताज़ा खबरें पहुंचाते हैं। इस भागदौड़ भरी दिनचर्या में कई बार उन्हें जोखिम भरी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो जाता है। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की गई है, ताकि ड्यूटी के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पत्रकार अक्सर संवेदनशील और जोखिम वाले स्थानों पर जाकर रिपोर्टिंग करते हैं। ऐसे हालात में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने इस पहल को पत्रकारों की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया।
तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक |
संवाददाता: साहिल यादव |