पालघर (बोईसर) – रिपोर्ट:
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पालघर जिले में एक विशेष ‘प्रबुद्ध जन गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बोईसर स्थित तीमा (TIMA) हॉल में सुबह दस बजे प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. मंदार भानुशे रहे, जो वसई के निवासी हैं और वर्तमान में मुंबई विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र में ‘विज्ञान एवं तकनीकी विभाग’ के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। साथ ही, वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के दायित्व पर भी आसीन हैं। इस अवसर पर पालघर जिले के माननीय जिला संघचालक श्री नरेश मराड भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का क्रम
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। प्रथम सत्र में कल्याण विभाग के कार्यवाह श्री अतुल भावे ने ‘संघ यात्रा’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके बाद आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक विषयों से जुड़े प्रश्न रखे, जिनका समाधान श्री भावे ने विस्तार से प्रस्तुत किया।
अल्प विश्राम के पश्चात आयोजित द्वितीय सत्र में प्रो. मंदार भानुशे ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामूहिक स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों पर प्रकाश डाला।
समारोप और सहभागिता
कार्यक्रम का समापन श्री अतुल भावे के संबोधन के साथ हुआ। राष्ट्रगीत के पश्चात सभी अतिथियों ने स्नेह भोज का आनंद लिया और आपसी विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में कुल अस्सी प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें दस महिला सहभागी भी शामिल थीं।