पालघर | ब्यूरो रिपोर्ट
आज पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत सवरा की अध्यक्षता में मनोर–वाडा और वाडा–भिवंडी महामार्ग का निरीक्षण दौरा आयोजित किया गया। इस दौरे की शुरुआत कंचाड स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय में एक समीक्षा बैठक से हुई, जिसमें पीडब्ल्यूडी और ईगल कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सांसद ने नागरिकों से जुड़ी समस्याओं पर सीधे अधिकारियों के साथ चर्चा की। विशेष रूप से, महामार्ग निर्माण कार्य के कारण वाहन चालकों को आने वाली परेशानियों, बढ़ती दुर्घटनाओं और अधूरे कामों पर सवाल उठाए गए और त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
इसके बाद डॉ. सवरा ने प्रत्यक्ष रूप से महामार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी शिकायतें रखीं, जिन्हें तुरंत हल करने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही, पाली स्थित पुल का भी निरीक्षण किया गया।
बरसात से पहले तैयारियां तेज करने के निर्देश
मानसून के नजदीक आने को देखते हुए सांसद ने सड़कों की पूर्व-तैयारी पर जोर दिया। मनोर से वाडा तक का 23 किलोमीटर लंबा रोड सेक्शन है, जिसमें से लगभग 12 से 13 किलोमीटर तक एक लेन मई के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, महामार्ग पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरने, दुर्घटनाप्रवण ‘ब्लैक स्पॉट’ क्षेत्रों में सुधार करने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।
साथ ही, बरसात के मौसम में यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रैफिक वार्डन, जेसीबी मशीनें, गिट्टी की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को तैयार रखने के आदेश जारी किए गए।
“मई के अंत तक लगभग 50 से 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो जाएगा। नागरिकों से अनुरोध है कि वाहन चलाते समय, विशेषकर ब्लैक स्पॉट वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें,” — डॉ. हेमंत सवरा, सांसद पालघर
इस निरीक्षण दौरे के दौरान सांसद डॉ. हेमंत सवरा के साथ स्थानीय कार्यकर्ता, पीडब्ल्यूडी अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।