---Advertisement---

विमुक्त एवं घुमंतू जनजातियों के लिए सुनहरा अवसर: विभिन्न ऋण योजनाओं हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित |

---Advertisement---

पालघर। विमुक्त जाति एवं घुमंतू जनजातियों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए वसंतराव नाईक विमुक्त जाती एवं भटक्या जमाती विकास महामंडल (मर्या.) ने बड़ी पहल की है। महामंडल और इसकी उपकंपनियों द्वारा संचालित कई वित्तीय सहायता एवं ऋण योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार महामंडल की आधिकारिक वेबसाइट vnvjntdc.org पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

कई उपकंपनियों के माध्यम से चल रही हैं योजनाएं

महामंडल के तहत पहलवान स्वर्गीय मारुति चव्हाण-वडार आर्थिक विकास महामंडल, राजे उमाजी नाईक आर्थिक विकास महामंडल, श्रीकृष्ण आर्थिक विकास महामंडल, ब्रह्मलीन आचार्य दिव्यानंद पुरीजी महाराज आर्थिक विकास महामंडल, विणकर समाज आर्थिक विकास महामंडल और श्री शिव गोरक्षनाथ नाथपंथी समाज आर्थिक विकास महामंडल जैसी उपकंपनियों के जरिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें बीज पूंजी ऋण योजना, एक लाख रुपये प्रत्यक्ष ऋण योजना, व्यक्तिगत ऋण ब्याज प्रतिपूर्ति योजना और समूह ऋण ब्याज प्रतिपूर्ति योजना शामिल हैं।

एक लाख रुपये प्रत्यक्ष ऋण योजना का खास फायदा

महामंडल की एक लाख रुपये प्रत्यक्ष ऋण योजना के तहत पूरी राशि सीधे महामंडल द्वारा दी जाती है। इस योजना में लाभार्थी को 48 समान मासिक किस्तों में हर महीने 2,085 रुपये का भुगतान करना होगा। अगर लाभार्थी समय पर सभी किस्तें चुकाता है, तो उसे कोई ब्याज नहीं देना पड़ेगा। लेकिन अगर किस्तों का भुगतान देरी से किया जाता है, तो बकाया राशि पर 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज लगेगा।

बैंक ऋण पर 12 प्रतिशत तक ब्याज प्रतिपूर्ति

व्यक्तिगत और समूह ऋण ब्याज प्रतिपूर्ति योजना के तहत ऋण राशि संबंधित बैंक द्वारा दी जाती है। यदि लाभार्थी बैंक की सभी किस्तें समय पर चुकाता है, तो अधिकतम 12 प्रतिशत तक का ब्याज महामंडल द्वारा उसके बैंक खाते में वापस जमा किया जाएगा। इससे लाभार्थियों पर ऋण का बोझ कम होगा और वे अपने स्वरोजगार व व्यवसाय को आसानी से आगे बढ़ा सकेंगे।

जिला कार्यालय पालघर में स्थापित

योजनाओं की अधिक जानकारी के लिए इच्छुक नागरिक जिला प्रबंधक राहुल नरवडे से मोबाइल नंबर 9923192414 पर संपर्क कर सकते हैं। महामंडल का जिला कार्यालय रूम नंबर 201, आफ्रिन अपार्टमेंट, नवली फाटक के पास, पालघर (पूर्व) – 401404 में स्थित है।
जिला प्रबंधक राहुल नरवडे ने प्रेस विज्ञप्ति के जरिए सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे महामंडल की इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।

संवाददाता : पराग यादव

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh