तृप्ति प्रमाण संवाददाता: पराग यादव, पालघर
पालघर। महाराष्ट्र सरकार के गृह (विशेष) विभाग और नागरिक संरक्षण दल के दिशा-निर्देशों के तहत शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को जिला मुख्यालय स्थित प्रशासनिक भवन ‘अ’ के रूम नंबर 105 में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। नागरिक सुरक्षा दल कार्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ‘ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स’ (TOT) का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले वॉलिंटियर्स को आधिकारिक पहचान पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह पूरा आयोजन जिला उपनियंत्रक के. आर. कुरकुटे के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
संकट के समय प्रशासन और जनता के बीच मजबूत पुल हैं वॉलिंटियर्स: रामप्रकाश निराला
कार्यक्रम की अध्यक्षता बोईसर-पालघर पत्रकार संघ (रजि.) के अध्यक्ष एवं पूर्व उप-विभागीय क्षेत्ररक्षक रामप्रकाश निराला ने की। उपस्थित अतिथियों ने अपने हाथों से प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को प्रमाणपत्र सौंपे।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में रामप्रकाश निराला ने कहा, “प्राकृतिक आपदा, औद्योगिक हादसे या आगजनी जैसी किसी भी आपात स्थिति में सिविल डिफेंस के प्रशिक्षित जवान प्रशासन और आम जनता के बीच एक अहम कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। TOT ट्रेनिंग प्राप्त यह वॉलिंटियर्स अब समाज के अन्य लोगों को भी आपदा प्रबंधन व फर्स्ट-एड की ट्रेनिंग देकर सशक्त बनाएंगे।” उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से अनुशासन और निष्ठा के साथ सेवा करने की अपील की।
आपदा से निपटने के लिए जिले का ढांचा होगा मजबूत: के. आर. कुरकुटे
नागरिक सुरक्षा दल के जिला उपनियंत्रक के. आर. कुरकुटे ने अपने विचार रखते हुए कहा कि संस्था का मूल उद्देश्य संकट के समय नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रशासन का हाथ बंटाना है। TOT के माध्यम से तैयार यह नए ट्रेनर्स अब ज़मीनी स्तर पर अधिक से अधिक नागरिकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे पालघर जिले की आपदा प्रबंधन क्षमता को नई मजबूती मिलेगी।
जनहानि रोकने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया जरूरी: डॉ. रविन्द्र मिश्रा
समारोह में बतौर अतिथि उपस्थित राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं महिला बाल विकास आयोग के महासचिव डॉ. रविन्द्र मिश्रा ने कहा कि आपदा के शुरुआती पलों में यदि समाज की प्रतिक्रिया संगठित होगी, तो नुकसान और जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों के सेवा भाव की सराहना की।
कई क्षेत्रों से पहुंचे वॉलिंटियर्स, जताया आभार
इस गरिमामयी कार्यक्रम में पालघर विभागीय क्षेत्ररक्षक निलेश सुदाम वझे, पूर्व अधिकारी गौरव पाटील तथा वरिष्ठ पत्रकार अजीत सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में कासा, दहानू, बोईसर, पालघर और वसई क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में वॉलिंटियर्स ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सुदाम वझे ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।