वसई-विरार में हरियाली का महा-अभियान: श्री जीवदानी मंदिर परिसर और मनपा ने एक साथ शुरू किया व्यापक वृक्षारोपण |

Share:

पर्यावरण सुरक्षा के लिए दोहरी पहल

पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने और क्षेत्र में हरित पट्टी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वसई-विरार में मंगलवार को दो प्रमुख स्थानों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। विरार के सुप्रसिद्ध श्री जीवदानी मंदिर परिसर में देवस्थान ट्रस्ट के नेतृत्व में विभिन्न विभागों ने पौधारोपण किया, तो वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र सरकार के ‘एक करोड़ वृक्ष लागवड़’ अभियान के तहत वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने भी अपने कार्यक्रम की शुरुआत की।

जीवदानी मंदिर परिसर में आधुनिक तकनीक से सिंचाई

विरार स्थित जीवदानी मंदिर के पायथा (तलहटी) क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में देवस्थान ट्रस्ट, मनपा, वन विभाग, पुलिस विभाग, विद्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पौधों को सुरक्षित रखने के लिए ड्रिप सिंचाई (ठिबक) और स्प्रिंकलर प्रणाली स्थापित की गई है। ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप तेंडुलकर ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और उन्हें जीवित रखना अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान वरिष्ठ नेता काशीनाथ पाटील (बविआ), सीनियर पीआई लालू तुरे समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

वसई में मनपा आयुक्त ने किया अभियान का शुभारंभ

इसी कड़ी में वसई के यशवंत नगर क्रिकेट ग्राउंड के समीप महानगरपालिका के वृक्ष प्राधिकरण विभाग द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मनपा आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने स्वयं पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और आम नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को एक जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपमहापौर मार्शल लोपिस, घटनेता प्रफुल्ल साने, विरोधी पक्ष नेता व नगरसेवक मनोज पाटिल, विजय शिंदे, स्वाति देशपांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, मनपा अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। मनपा का लक्ष्य आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक स्तर पर पौधे लगाकर प्रदूषण में कमी लाना और हरित क्षेत्र का विस्तार करना है।

(तृप्ति प्रमाण ब्यूरो)

Share: