बिजली कटौती और हादसों के खतरे से हलकान नागरिक
नालासोपारा पूर्व के हरवटे पाड़ा (9 एकड़) तथा धनिव-वालिव सेक्शन क्षेत्र में बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में लंबे समय से भूमिगत (अंडरग्राउंड) केबल जले और कटे हुए हैं, जबकि डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन) बॉक्स के बार-बार गिरने से गंभीर हादसों की आशंका बनी हुई है। इस जनसमस्या को लेकर पार्षद कु. प्रदीपिका अतुल सिंह ने महावितरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पुनः स्मरण पत्र जारी कर तत्काल मरम्मत की मांग की है।
महीनों बाद भी महावितरण की सुस्ती कायम
प्रदीपिका सिंह ने बताया कि उन्होंने 11 अप्रैल 2026 को ही वसई क्षेत्र के अधीक्षक अभियंता और कार्यकारी अभियंता को इस संदर्भ में आधिकारिक ज्ञापन सौंपा था। हालांकि, महीनों का समय गुजर जाने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
1500 बिजली उपभोक्ता प्रभावित
क्षतिग्रस्त केबल के कारण क्षेत्र में बार-बार बिजली गुल हो जाती है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है। साथ ही, जर्जर डीपी बॉक्स के कारण हादसों का डर बना रहता है। इस बदहाली का सीधा असर इलाके के लगभग 1,500 उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।
स्मरण पत्र में उठाई गई मांगें
पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि पुराने व खराब भूमिगत केबल को निकालकर उच्च क्षमता वाले नए केबल डाले जाएं। साथ ही, असुरक्षित डीपी बॉक्स को तुरंत बदलकर नया उपकरण लगाया जाए, जिससे स्थानीय नागरिकों को निर्बाध और सुरक्षित बिजली मिल सके।
(तृप्ति प्रमाण ब्यूरो)