खगौल (पटना)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, खगौल में आयोजित दो दिवसीय “एक भारत श्रेष्ठ भारत” कला उत्सव एवं सांस्कृतिक समागम का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या स्निग्धा आनंद ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश की विविध संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरोने और ‘श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
पटना संभाग के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने लिया हिस्सा
संकुल स्तरीय इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में पटना संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। स्कूली बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए संगीत, लोक नृत्य, नाटक, एकल अभिनय, चित्रकला, मूर्तिकला और बौद्धिक प्रतियोगिताओं के जरिए उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया।
सुप्रसिद्ध रंगकर्मियों ने की प्रतियोगिताओं की निर्णायक भूमिका
उत्सव के अंतिम दिन आयोजित नाटक और ‘स्टोरी टेलिंग’ (कहानी वाचन) प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में बिहार कला पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ रंगकर्मी व विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य नवाब आलम, रंगकर्मी अरुण सिंह पिंटू और वरिष्ठ रंगकर्मी मिथिलेश कुमार पांडे उपस्थित रहे।
निर्णायक मंडल के सदस्य नवाब आलम ने शानदार आयोजन और उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए प्राचार्या स्निग्धा आनंद, स्कूल प्रबंधन समिति और सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
(ब्यूरो चीफ: विनोद प्रसाद, तृप्ति प्रमाण, खगौल/पटना)