पटना। राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत जीरो माइल (एनएच-30) पर शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भीषण हिंसा भड़क उठी। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने एनएच को जाम कर भारी तांडव मचाया। उपद्रवियों ने एक प्राइवेट यात्री बस और दो पुलिस वाहनों समेत कुल 10 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।
ट्रैफिक पोस्ट में लगाई आग, मीडियाकर्मियों से भी मारपीट
हादसे से भड़के लोगों का गुस्सा इतने पर ही नहीं थमा। उग्र भीड़ ने जीरो माइल स्थित ट्रैफिक पुलिस पोस्ट को फूंक दिया और मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के वाहन को भी आग बुझाने से रोक दिया। कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई।
मृतक की हुई पहचान, पुलिस जांच में जुटी
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्थिति को किसी तरह नियंत्रण में लिया।
उपद्रवियों की पहचान के लिए खंगाले जा रहे CCTV फुटेज
फिलहाल इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि आगजनी, तोड़फोड़ और हिंसा में शामिल किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए बलवाइयों की पहचान की जा रही है, जिसके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(ब्यूरो चीफ: विनोद प्रसाद, तृप्ति प्रमाण, पटना)