नायगांव पूर्व इलाके में घटी हृदयविदारक घटना
वसई के नायगांव पूर्व क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक और मन को झकझोर देने वाली दुर्घटना सामने आई है। पति के साथ चलती स्कूटी पर जा रही महिला की गोद से उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी कृषा अचानक सड़क पर गिर गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए मुंबई के केईएम अस्पताल (KEM Hospital) ले जाया गया, जहां शुक्रवार रात उसने दम तोड़ दिया।
बाल बांधने के दौरान घटी खौफनाक दुर्घटना
मिली जानकारी के मुताबिक, योगेश भावसार (35) शुक्रवार दोपहर करीब 1:15 बजे अपनी पत्नी और एक वर्षीय बेटी कृषा के साथ स्कूटी से जा रहे थे। मासूम कृषा अपनी मां की गोद में थी। इसी दौरान अचानक तेज हवा चलने के कारण मां के बाल चेहरे पर आने लगे। बालों को संभालने के लिए महिला ने जैसे ही एक हाथ से बच्ची को पकड़ा और दूसरे हाथ से बाल बांधने लगी, तभी बच्ची पर से उसकी पकड़ ढीली हो गई और मासूम चलती स्कूटी से नीचे सड़क पर जा गिरी।
मासूम की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे के तुरंत बाद बदहवास माता-पिता बच्ची को लेकर अस्पताल भागे, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए मुंबई के केईएम अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, सिर में गंभीर चोट आने के कारण इलाज के दौरान कृषा की मौत हो गई। इस दुखद हादसे से भावसार परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।