आचोले-वसई लिंक रोड पर हुआ भीषण हादसा
नालासोपारा पूर्व स्थित आचोले-वसई लिंक रोड पर मार्टिन कॉम्प्लेक्स के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में होंडा शाइन बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना रविवार सुबह लगभग 11:30 से 12:00 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब भारत पेट्रोलियम के गैस वितरण वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत नजदीकी आइकॉन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
गैस वाहन जब्त, चालक हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही आचोले पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने भारत पेट्रोलियम के गैस डिलीवरी वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामला दर्ज कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही से हुई या कोई अन्य कारण था।