मध्य रेलवे ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि
मुंबई के महत्वाकांक्षी सायन रोड ओवर ब्रिज (ROB) के पुनर्निर्माण में एक बड़ी तकनीकी और प्रशासनिक सफलता हाथ लगी है। मध्य रेलवे और निर्माण एजेंसी ने माटुंगा और कुर्ला के बीच रात्रिकालीन कॉरिडोर ब्लॉक का उपयोग करते हुए मात्र 6 घंटे के भीतर 500 टन वजनी दो विशाल सेमी-थ्रू स्टील गर्डरों की सफल लॉन्चिंग पूरी कर ली। इस जटिल कार्य को रात के समय केवल दो चरणबद्ध 3-3 घंटे के ब्लॉकों में पूरा किया गया, जिससे उपनगरीय लोकल ट्रेनों के परिचालन पर न्यूनतम असर पड़ा।
सीएसएमटी–कुर्ला 5वीं और 6वीं लाइन के लिए बढ़ा स्पैन
पुराने पुल का स्पैन लगभग 40 मीटर था, लेकिन नए आरओबी में रेलवे ट्रैक के ऊपर 54.5 मीटर चौड़ा स्पैन दिया गया है। स्पैन की यह चौड़ाई सीएसएमटी-कुर्ला 5वीं और 6वीं रेल लाइन के लिए रास्ता बनाने के उद्देश्य से बढ़ाई गई है। इन विशाल गर्डरों का निर्माण नागपुर में हुआ था, जिन्हें सायन साइट पर लाकर असेंबल किया गया।
ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और धारावी के बीच ट्रैफिक होगा आसान
सायन आरओबी का निर्माण पूरा होने के बाद ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, एलबीएस मार्ग और धारावी रोड के बीच का ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी फिर से बहाल हो जाएगा। इससे रोजाना लंबे वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरने वाले लाखों मुंबईकरों को भीषण ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। अब डेक स्लैब, सड़क एप्रोच और क्रैश बैरियर का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है।