पटना। बिहार की राजनीति में एक नया राजनीतिक मोड़ देखने को मिला है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित विधायक के रूप में बिहार विधानसभा में शपथ ग्रहण की। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने अपने कक्ष में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण के साथ ही जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा के सदन में अपनी आधिकारिक उपस्थिति दर्ज करा दी है।
जनता से किए वादों पर काम करने का संकल्प शपथ लेने के उपरांत प्रशांत किशोर ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि सदन में पार्टी का एकमात्र प्रतिनिधि होने के कारण भले ही उन्हें बोलने का पर्याप्त समय न मिले, लेकिन वे अपने कार्यों से बांकीपुर की जनता के विश्वास को साबित करेंगे। चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर ने बांकीपुर में ‘तीन महीने के भीतर बदलाव’ लाने का वादा किया था। अब सदन के भीतर और बाहर उनके विजन और कार्यशैली पर सबकी निगाहें बनी हुई हैं।
रोजगार, शिक्षा और पलायन जैसे अहम मुद्दों पर रहेगा जोर प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता की समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे बिहार के विकास, युवाओं के रोजगार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, राज्य से पलायन की रोकथाम और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहेंगे।
इस अवसर पर जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, पार्टी प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
(रिपोर्टर: विनोद प्रसाद, ब्यूरो चीफ – तृप्ति प्रमाण)