रविवार सुबह 7 बजे भीमनगर इलाके की कंपनी में हुआ हादसा
नवी मुंबई के रबाले MIDC स्थित भीमनगर इलाके में रविवार सुबह करीब 7 बजे एक विनिर्माण कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई। घटना भूषण होटल के पीछे स्थित गद्दे बनाने वाली फोम निर्माण कंपनी में हुई। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और धुएं का विशाल गुबार आसमान में छा गया।
छह दमकल गाड़ियों की मदद से पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही रबाले MIDC दमकल स्टेशन से चार और कोपरखैरने व ऐरोली से एक-एक गाड़ी को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कुल छह दमकल गाड़ियों की मदद से चौतरफा पानी का छिड़काव शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को आसपास की अन्य कंपनियों में फैलने से पहले नियंत्रित कर लिया गया।
रविवार की छुट्टी के कारण टला बड़ा हादसा, जांच जारी
हादसे के वक्त रविवार होने के कारण कंपनी में श्रमिक मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा और जनहानि होने से बच गई। हालांकि, कंपनी में रखी फोम सामग्री व अन्य उपकरण जलकर खाक हो गए, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की संभावना जताई जा रही है। दमकल विभाग ने एहतियात के तौर पर कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा है और आग लगने के मुख्य कारणों की जांच की जा रही है।
(रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण, नवी मुंबई)



