भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति सहित कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद, चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और संविधान के आदर्शों पर हुई चर्चा
जौनपुर : उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में संविधान गौरव दिवस-2026 के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह और भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत और अभिनंदन के साथ किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक, चिकित्सकीय और आधारभूत संरचनात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, एमबीबीएस विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों और इंटर्नशिप प्रशिक्षण व्यवस्था के बारे में भी बताया।
प्रधानाचार्य ने महाविद्यालय के निर्माण कार्यों तथा आधारभूत संरचनाओं के विकास में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव के विशेष योगदान और निरंतर सहयोग की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय में इमरजेंसी, मेडिसिन, सर्जरी और अन्य विभागों के अंतर्गत लगभग 140 बेड उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त आर्थोपेडिक्स, ईएनटी और सर्जरी सहित विभिन्न विभागों में ऑपरेशन थिएटर की सुविधाएं हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 3,000 मरीजों को ओपीडी के माध्यम से चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रधानाचार्य ने निर्माण कार्यों और सुविधाओं के विकास की प्रगति के साथ भविष्य में आवश्यक सुधारों की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने महाविद्यालय को और अधिक सुदृढ़ एवं सुविधासंपन्न बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।
विद्यासागर सोनकर ने संविधान के मूल्यों पर दिया जोर

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि राज्यसभा सांसद के रूप में यह उनका प्रथम दिन है और इस विशेष अवसर पर जौनपुर चिकित्सा महाविद्यालय में संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने चिकित्सकों के कठिन परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सा का क्षेत्र अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। चिकित्सक वर्षों की कठिन शिक्षा, प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत के बाद इस मुकाम तक पहुंचते हैं। इसलिए चिकित्सकों का सम्मान करना और उनके कार्यों के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखना सभी का दायित्व है।
उन्होंने सामाजिक व्यवहार, पारस्परिक सम्मान तथा बदलते समय में संवाद की भाषा और तौर-तरीकों में आए बदलावों पर विचार रखे। मोबाइल और आधुनिक तकनीक के बढ़ते प्रभाव का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान, संविधान की प्रस्तावना तथा संसद के उच्च सदन राज्यसभा और निम्न सदन लोकसभा की संवैधानिक भूमिकाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों को संविधान के मूल आदर्शों और मूल्यों के प्रति जागरूक रहने तथा उनका पालन करने का संकल्प दिलाया।
विद्यार्थियों को मानव सेवा के लिए किया प्रेरित

विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की ऊर्जा, उत्साह और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा का क्षेत्र मानव सेवा से जुड़ा हुआ है। यहां अध्ययनरत विद्यार्थी भविष्य में अपनी योग्यता, ज्ञान और सेवा भावना के माध्यम से जनपद एवं प्रदेश के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने शैक्षणिक लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) ए.ए. जाफरी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने वाले कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के डॉ. मुदित चौहान, कार्यक्रम का संचालन करने वाली डॉ. पूजा पाठक तथा अन्य सहयोगी चिकित्सकों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
चिकित्सक, विद्यार्थी और कर्मचारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. रुचिरा सेठी, डीन एकेडमिक प्रो. तबस्सुम यासमिन, प्रो. भारती यादव, प्रो. साधना अजय, डॉ. कर्नल सी.बी.एस. पटेल, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. अनुज सिंह, डॉ. अरविन्द पटेल, डॉ. राजश्री यादव, डॉ. चन्द्रभान, डॉ. जितेन्द्र कुमार, डॉ. नवीन सिंह, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. अरविन्द यादव, डॉ. कुलदीप गुप्ता, डॉ. अजय, डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. अर्चना चौधरी, डॉ. अवधेश गुप्ता, डॉ. फरहत फातिमा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. पंकज, डॉ. राजेश, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. संदीप सिंह सहित अन्य चिकित्सक, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को आत्मसात करने के संदेश के साथ हुआ।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा


