पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, उपचार के दौरान तोड़ा दम |

Share:

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के फरीदाबाद कारगिल पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा; दो पिकअप चालक हिरासत में, मुकदमा दर्ज

जौनपुर : सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह जौनपुर-शाहगंज-लुंबिनी मार्ग पर फरीदाबाद कारगिल पेट्रोल पंप के सामने पिकअप वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, देवकली गांव निवासी रंजीत सोनकर पुत्र स्वर्गीय रामचरन बुधवार सुबह करीब छह बजे अपनी बाइक से अकेले नई मंडी चौकियां स्थित फल मंडी जा रहे थे। इसी दौरान फरीदाबाद कारगिल पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक पिकअप वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

चार साल पहले हुई थी शादी, पीछे छोड़ गए छोटी बच्ची

रंजीत सोनकर की शादी चार साल पहले हुई थी। उनकी एक छोटी बच्ची है। हादसे में जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पत्नी भी पति की मौत के सदमे में बार-बार बेसुध हो रही है। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

दो पिकअप चालक हिरासत में, मुकदमा दर्ज

सरायख्वाजा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में पिकअप वाहन से जुड़े दो चालकों को पकड़ा गया है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: शम्भू विश्वकर्मा

Share: