बारिश और तेज हवा में तीन कच्चे मकान धराशायी, एक घायल |

Share:

गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब, तीन परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर

सरायख्वाजा, जौनपुर: स्थानीय थाना क्षेत्र के विकासखंड शाहगंज शोधी क्षेत्र के हडही गांव में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश और तेज हवा के चलते शनिवार रात अलग-अलग स्थानों पर तीन कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। मकान गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में विनोद कुमार घायल हो गए, जबकि अन्य परिजन मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, हडही गांव निवासी विनोद कुमार, अमरासी पत्नी स्वर्गीय शिवराम और वीरेंद्र कुमार गौतम के कच्चे मकान लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो गए थे। शनिवार रात अचानक तीनों मकान धराशायी हो गए।

मकान गिरने के बाद घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई सहित अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। अचानक हुए हादसे के बाद तीनों परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।

मकान गिरने के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। लगातार बारिश के कारण मलबे में दबे सामान को सुरक्षित निकालने में भी परेशानी हो रही है। परिवार के लोगों के अनुसार, वे कच्चे मकानों में किसी तरह बारिश के दिनों को गुजार रहे थे, लेकिन लगातार बारिश से मकान की नींव और दीवारें कमजोर हो गईं। शनिवार रात अचानक मकान गिरने से वर्षों से जुटाई गई गृहस्थी प्रभावित हो गई।

हादसे में घायल विनोद कुमार को परिजनों ने तत्काल निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।

घटना की जानकारी परिजनों ने ग्राम प्रधान को दी। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना या अन्य सरकारी योजना के तहत पक्का आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।

संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा
राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक ‘तृप्ति प्रमाण’

Share: