उत्तर प्रदेश

जौनपुर: साथी किन्नर पर जानलेवा हमला करने वाली वांछित गुलाबो किन्नर गिरफ्तार, पुलिस टीम पर भी ईंट चलाने का आरोप |

जौनपुर (शाहगंज)। जौनपुर की शाहगंज थाना पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में काफी समय से वांछित चल रही आरोपी गुलाबो किन्नर को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने 7 अगस्त 2026 को आरोपी को हिरासत में लिया।

बातचीत करने गई टीम पर छत से बरसाए ईंट-पत्थर

घटना के संबंध में पीड़िता डाली किन्नर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह अपनी गुरु शमा किन्नर, सीमा और बिजली किन्नर के साथ कस्बा भादी उसरा स्थित गुलाबो किन्नर के घर बातचीत करने गई थी। आरोप है कि जैसे ही वे पहुँचे, गुलाबो ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और छत पर चढ़कर गालियां व जान से मारने की धमकी देने लगी। इसके बाद उसने जान से मारने की नीयत से निशाना बनाकर ऊपर से ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं।

हमले में सिर पर गंभीर चोट से बेहोश हुई शीला किन्नर

छत से फेंके गए ईंट-पत्थर लगने से पीड़िता की साथी शीला किन्नर के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। सहकर्मियों ने तुरंत उसे सीएचसी शाहगंज पहुँचाया, जहाँ हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया। आरोप है कि मौके पर पहुँची पुलिस टीम के सामने भी आरोपी ने ईंट-पत्थर चलाए थे।

BNS की संगीन धाराओं में केस दर्ज, आरोपी भेजी गई जेल

डाली किन्नर की लिखित शिकायत के आधार पर शाहगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 115(2), 131, 352, 351(3), 109(1) और 110 के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 278/2026) पंजीकृत किया गया था। कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह और उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पांडेय की पुलिस टीम ने डिहवा भादी निवासी गुलाबो किन्नर को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

(ब्यूरो चीफ: दिलीप कुमार, तृप्ति प्रमाण, जौनपुर)

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।