रिपोर्टर: ब्यूरो चीफ दिलीप कुमार, तृप्ति प्रमाण (जौनपुर)
ई-रिक्शा रुकवाकर गोमती नदी में लगाई छलांग
जौनपुर। जौनपुर के ऐतिहासिक शाही पुल पर शुक्रवार दोपहर एक बेहद दुखद घटना सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 17 वर्षीय किशोरी ने अपनी मां के सामने ही ई-रिक्शा से उतरकर गोमती नदी में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से पुल पर अफरा-तफरी मच गई और पीड़िता की मां गहरे सदमे में आ गई।
दवा लेने जा रही थी किशोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलर घाट निवासी सैय्यद हसनैन की 17 वर्षीय पुत्री गुड़िया दोपहर करीब 3 बजे अपनी माता शर्मिला के साथ ई-रिक्शा पर सवार होकर दवा लेने जा रही थी। जैसे ही ई-रिक्शा शाही पुल के बीचों-बीच पहुंचा, किशोरी ने अचानक वाहन को रुकवाया। जब तक उसकी मां या आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उसने पुल की रेलिंग से नदी में छलांग लगा दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, गोताखोर तलाश में जुटे
घटना की तुरंत सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह और सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गोमती नदी में किशोरी की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।