रिपोर्ट: दिलीप कुमार (ब्यूरो चीफ)
न्यूज़ पोर्टल: तृप्ति प्रमाण
जौनपुर। जिले में बढ़ते नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरेरी थाना पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा और नकदी बरामद की है।
चेकिंग के दौरान छेरहटी पुलिया पर धराया तस्कर
मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को थानाध्यक्ष सुरेरी के निर्देशन में पुलिस टीम छेरहटी पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की पड़ताल कर रही थी। उसी समय एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस की मुस्तैदी देख वह छिपने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने उसे मौके पर ही घेरकर हिरासत में ले लिया।
सोनभद्र का रहने वाला है अभियुक्त, NDPS एक्ट में केस दर्ज
तलाशी लेने पर अभियुक्त के पास से 1 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा और 220 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान चंदन कोल (पुत्र कन्डे कोल, निवासी ग्राम कोरट, थाना घोरावल, जिला सोनभद्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुरेरी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 115/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सराहनीय पुलिस टीम
इस सफल धरपकड़ को थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक शेषनाथ साहनी, मुख्य आरक्षी मुकेश सिंह, आरक्षी नितेश कुमार तथा आरक्षी उदित गुप्ता की टीम ने अंजाम दिया।