---Advertisement---

मिरा-भाईंदर में नशा मुक्ति अभियान: पुलिस ने बुलडोजर से नष्ट किया 73 लाख रुपये से अधिक का अवैध शराब और गुटखा |

---Advertisement---

मिरा-भाईंदर, तृप्ति प्रमाण: मिरा-भाईंदर एवं वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल-१ की पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध शराब और प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त की हैं। काशिमीरा, काशिगांव, मिरारोड, नवघर, भाईंदर और उत्तन पुलिस थाना क्षेत्रों में दारूबंदी कानून के तहत दर्ज 100 मामलों में कुल 4,243 लीटर देशी, विदेशी और हातभट्टी शराब बरामद की गई। पुलिस ने इस शराब का अनुमानित मूल्य 15,83,677 रुपये आंका है।
इसके अतिरिक्त, प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और हुक्का के खिलाफ 75 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। इन मामलों में कुल 58,14,544 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल पुलिस के हत्थे चढ़ा। इस प्रकार पुलिस ने कुल मिलाकर 73,98,221 रुपये मूल्य का नशीला सामान बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त, परिमंडल-१ के निर्देशन और निगरानी में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। जब्त किए गए सभी सामान को न्यायालय की पूर्व अनुमति लेकर उत्तन डंपिंग ग्राउंड पर नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान अन्न एवं औषधि प्रशासन, ठाणे तथा उत्पादन शुल्क विभाग, ठाणे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
— तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ, राजेश कोरी

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh