---Advertisement---

‘प्रभाग 16 के नगरसेवक को क्या दिखाई देता है?’: नालासोपारा में खस्ताहाल सड़क को लेकर पोस्टर वार, भाजपा का सिंबल भी आया नजर |

---Advertisement---

नालासोपारा (तृप्ति प्रमाण): नालासोपारा पूर्व स्थित आचोले रोड की बदहाली और गड्ढों से बेहाल स्थानीय नागरिकों का सब्र अब जवाब दे चुका है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के खिलाफ लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर अनोखे विरोध प्रदर्शन के रूप में नजर आने लगा है। इलाके में जगह-जगह एक विवादित पोस्टर लगाया गया है, जिस पर मराठी में लिखा है— “प्रभाग क्रमांक 16 मधील नगरसेवक यांना पाहिलेत काय???” यानी “प्रभाग क्रमांक 16 के नगरसेवक को क्या दिखाई देता है?”। हैरानी की बात यह है कि इस पोस्टर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का चुनाव चिह्न भी छपा हुआ है।

गड्ढों और जलभराव से नारकीय हुई जिंदगी

सड़क पर उभरे बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढों, गंदे पानी के जलभराव और जर्जर रास्ते की तस्वीरें अब वायरल हो रही हैं। इस सड़क से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों, ऑटो चालकों और पैदल यात्रियों को हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। पोस्टर के जरिए स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने सोए हुए जनप्रतिनिधियों को जगाने और आचोले रोड की दुर्दशा की ओर ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है।

किसने लगाया पोस्टर? सस्पेंस बरकरार, नहीं आई कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया

हालांकि, यह पोस्टर किस संगठन, राजनीतिक दल या नागरिक समूह द्वारा लगाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं, मामले के तूल पकड़ने के बाद भी संबंधित प्रभाग के नगरसेवक या महानगरपालिका प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा, तुरंत मरम्मत की मांग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मानसून की मूसलाधार बारिश के चलते सड़क की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। पानी भरे गड्ढों के कारण आए दिन गाड़ियां अनियंत्रित हो रही हैं, जिससे बड़ी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। आचोले रोड के रहवासियों ने वसई-विरार महानगरपालिका प्रशासन से गुहार लगाई है कि राजनीति और बयानबाजी से हटकर जल्द से जल्द सड़क के गड्ढों को भरा जाए और मार्ग की स्थायी मरम्मत कराई जाए।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh