बरफपाड़ा के जंगल में चल रही थी कथित अवैध शराब बनाने की गतिविधि, मौके पर नहीं मिला कोई आरोपी
विरार : विरार पूर्व के बरफपाड़ा, चंदनसार स्थित जंगल में कथित रूप से अवैध देसी शराब बनाने वाली भट्ठी पर क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने छापेमारी की। पुलिस ने मौके से करीब 84,300 रुपये कीमत का शराब बनाने का सामान और अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार, आवश्यक नमूने लेने के बाद शेष सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दी गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 25 नवंबर 2026 को गश्त के दौरान सहायक पुलिस फौजदार शिवाजी पाटील को गुप्त सूचना मिली थी कि बरफपाड़ा के जंगल में पानी के नाले के पास बिना अनुमति देसी शराब बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देसी शराब, वॉश, एल्युमीनियम की टंकियां, बर्तन और प्लास्टिक के ड्रम सहित शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। पुलिस ने आवश्यक नमूने एकत्र किए और शेष सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दी।
बेबी पागी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई आरोपी नहीं मिला। जांच में भट्ठी का संचालन बेबी पागी (पूरा नाम अज्ञात), निवासी बरफपाड़ा, विरार पूर्व द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई। इस संबंध में विरार पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 794/2026 के तहत महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम, 1949 की धारा 65(ई)(एफ) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-3 के प्रभारी समीर शेख और उनकी टीम ने की।
रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ राजेश कोरी


