न्यूज़ पोर्टल: तृप्ति प्रमाण
नालासोपारा। नालासोपारा पूर्व के निवासियों को लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी दिक्कतों से बड़ी राहत मिली है। स्थानीय नगरसेवकों के निरंतर प्रयासों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद महावितरण प्रशासन हरकत में आया। प्रगति नगर स्थित ठाकुर विद्यालय परिसर में महावितरण द्वारा एक विशेष शिकायत निवारण एवं जन-मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में ऑन-द-स्पॉट हुआ समस्याओं का निपटारा
आयोजित शिविर में नालासोपारा पूर्व के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। शिविर के दौरान अत्यधिक बिजली बिल, मीटर में खराबी, नए कनेक्शन की अर्जी, लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं को लेकर अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद किया। अधिकांश मामलों में महावितरण की टीम ने मौके पर ही शिकायतों का निस्तारण किया। इसके अलावा, तकनीकी विशेषज्ञों ने आधुनिक बिजली उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और उनके संबंध में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए विशेष जानकारी दी।
नगरसेवकों के प्रतिनिधिमंडल का रंग लाया दबाव
गौरतलब है कि बीते दिनों प्रभाग समिति संख्या 10 और 16 के नगरसेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने महावितरण वसई मंडल के अधीक्षक अभियंता से मुलाकात कर नागरिकों को हो रही भारी परेशानियों से अवगत कराया था। नगरसेवकों द्वारा दिए गए ज्ञापन और कड़े रुख के बाद ही विभाग ने इस विशेष शिविर की रूपरेखा तैयार की थी।
सैकड़ों उपभोक्ताओं को मिला लाभ, कुछ में दिखा असंतोष
इस शिविर से तुलिंज, टाकी रोड, विजय नगर, मध्यवर्ती उद्यान, ओसवाल नगर, प्रगति नगर, मोरेगांव और नगीनदास पाड़ा समेत आसपास की तमाम कॉलोनियों के उपभोक्ताओं को सीधा फायदा पहुंचा। यद्यपि अधिकांश लोगों ने इस पहल की प्रशंसा की, वहीं कुछ उपभोक्ता विभाग की पुरानी कार्यप्रणाली और देरी से नाराज नजर आए तथा अपनी शिकायत दर्ज कराकर वापस लौट गए।