---Advertisement---

पालघर में अतिवृष्टि से तबाही: पूर्व विधायक राजेश पाटिल ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, बाढ़ पीड़ितों और किसानों के लिए मुआवजे की मांग |

---Advertisement---

पालघर (तृप्ति प्रमाण): पालघर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं, जबकि आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों को भी भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। इस संकट की घड़ी में बोईसर के पूर्व विधायक राजेश रघुनाथ पाटिल आगे आए हैं। उन्होंने पालघर के जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रभावितों को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री मुहैया कराने की पुरजोर मांग की है।

फसलों के नुकसान का तुरंत हो पंचनामा, बिना भेदभाव मिले मुआवजा

पूर्व विधायक राजेश पाटिल ने ज्ञापन के जरिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि भारी बारिश से खेतों में पानी भर जाने के कारण किसानों की मेहनत पानी में बह गई है। उन्होंने मांग की है कि राजस्व (रेवेन्यू) और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों को तुरंत मैदान में उतारकर फसलों के नुकसान का निष्पक्ष पंचनामा कराया जाए, ताकि हर प्रभावित किसान को बिना किसी भेदभाव के त्वरित मुआवजा मिल सके।

घरों में घुसा पानी, खाद्यान्न और घरेलू सामान हुआ नष्ट

बाढ़ के हालात का जिक्र करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि जिले के कई गांवों और निचले इलाकों में जलभराव के कारण लोगों के घरों में पानी घुस गया है। इससे खाद्यान्न, कपड़े, फर्नीचर और रोजमर्रा के सामान का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को तुरंत सूखा राशन, आपातकालीन राहत सामग्री और वित्तीय मदद पहुंचाई जाए।

बिजली आपूर्ति बहाल करने और सड़कों की मरम्मत की अपील

पूर्व विधायक ने केवल खेती ही नहीं, बल्कि पोल्ट्री फार्मिंग, कुटीर उद्योगों और स्थानीय दुकानदारों को हुए नुकसान का भी सर्वे कराने की अपील की है। साथ ही, उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण कई ग्रामीण सड़कें बह गई हैं और बिजली के खंभे गिर गए हैं। प्रशासन सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर युद्धस्तर पर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराए और विद्युत व्यवस्था को बहाल करे, ताकि आपदा की इस स्थिति में आम जनता को और अधिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh