नालासोपारा

जनहित के लिए संघर्षरत रामदास वाघमारे बने विरार शहर जिला कांग्रेस (अनुसूचित जाति विभाग) के जिलाध्यक्ष, समाज में उत्साह का माहौल |

संवैधानिक अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर रहे हैं सक्रिय

नालासोपारा: आम जनता की समस्याओं को लेकर लगातार जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता रामदास वाघमारे को विरार शहर जिला कांग्रेस (अनुसूचित जाति विभाग) का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिल्ली से हुई इस नियुक्ति के बाद सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेतृत्व ने उनके सामाजिक और राजनीतिक कार्यों पर भरोसा जताते हुए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

आंदोलनों और पत्राचार के जरिए दिलाई जनता को राहत

रामदास वाघमारे की पहचान एक ऐसे नेता के रूप में है, जो केवल आश्वासनों तक सीमित न रहकर सीधे नागरिकों के बीच पहुंचकर काम करते हैं। वे जनसमस्याओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से पत्राचार, बैठकें और आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक आंदोलनों का रास्ता अपनाते रहे हैं। महानगरपालिका प्रशासन में पारदर्शिता, चर्मकार समाज के गटई कामगारों को लाइसेंस, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और स्वच्छता जैसे मूलभूत मुद्दों पर वे लगातार मुखर रहे हैं।

पद सत्ता का नहीं, जनसेवा का माध्यम: रामदास वाघमारे

अपनी नियुक्ति पर वाघमारे ने कहा कि यह पद सत्ता का प्रतीक नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उनका मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कांग्रेस की विचारधारा पहुंचाना और वंचित वर्ग को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना होगा। अपनी इस नियुक्ति के लिए उन्होंने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, डॉ. अनिरुद्ध बनकर, हर्षवर्धन सपकाल और नंदकुमार मोरे सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया है।

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।