---Advertisement---

संचिता उगले आत्महत्या मामला: AICWA ने मांगी निष्पक्ष जांच, विशेष समिति गठन की भी अपील |

---Advertisement---

वसई: टीवी और फिल्म अभिनेत्री संचिता उगले की आत्महत्या के मामले में ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने महाराष्ट्र सरकार से गहन, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। नालासोपारा निवासी 22 वर्षीय अभिनेत्री ने 14 जून को अपने घर में कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

परिवार के गंभीर आरोप

संचिता की मौत के बाद उनके परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं और उन पर आर्थिक दबाव भी बनाया जा रहा था। परिवार ने यह भी आशंका जताई है कि मनोरंजन उद्योग से जुड़े किसी व्यक्ति द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसकी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। इन आरोपों के चलते मामले की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

AICWA की मांग

एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने एक बयान जारी कर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले की व्यापक जांच के निर्देश देने की मांग की है। संगठन का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की गहराई से जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मनोरंजन जगत से जुड़े हाई-प्रोफाइल मौत के मामलों में अक्सर कई सवाल अनुत्तरित रह जाते हैं, इसलिए इस मामले में पूरी पारदर्शिता जरूरी है।

विशेष समिति गठन की अपील

संगठन ने राज्य सरकार से मनोरंजन उद्योग में बढ़ते मानसिक तनाव, अवसाद और कलाकारों की संदिग्ध मौतों का अध्ययन करने के लिए एक विशेष समिति गठित करने की भी मांग की है।

अभिनेत्री का कार्यकाल

संचिता उगले ने ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’ और ‘दिलवाली दुल्हा ले जाएगी’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय किया था। इसके अलावा वह विकी कौशल अभिनीत फिल्म ‘छावा’ और मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ में भी नजर आई थीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh