पालघर, 17 अप्रैल (जिमाका): महाराष्ट्र सरकार के मत्स्य विभाग एवं आईसीएआर-सीआईबीए, नवसारी (गुजरात) के संयुक्त तत्वावधान में ‘प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना’ (पीएमएमएसवाई) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘मत्स्य तालाब में पिंजरा पद्धति से केकड़ा पालन’ (Mud Crab Box Culture in Aquaculture Pond) नामक प्रायोगिक परियोजना लागू की जाएगी। इस परियोजना के तहत ठाणे एवं पालघर जिलों के 5 प्रगतिशील मत्स्य किसानों का चयन किया जाएगा। चयनित लाभार्थियों को 100 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक मत्स्य किसानों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयन के लिए आवेदक के पास अपने नाम पर 7/12 खाता उतारा, मत्स्य पालन क्षेत्र का अनुभव, तालाब पर निरंतर बिजली आपूर्ति, सड़क सुविधा तथा खारे पानी (ब्रैकिश वॉटर) की उपलब्धता अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, चयन के पश्चात नवसारी स्थित आईसीएआर-सीआईबीए में तकनीकी प्रशिक्षण में भाग लेना अनिवार्य होगा।
इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज (आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, 7/12 खाता उतारा एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र) दिनांक 30.04.2026 तक सहायक आयुक्त मत्स्य व्यवसाय, ठाणे/पालघर अथवा आईसीएआर-सीआईबीए, नवसारी कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान जमा कराएं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें:
सहायक आयुक्त मत्स्य व्यवसाय, पालघर, कक्ष सं. 210, दूसरा तल, प्रशासकीय भवन-अ, जिलाधिकारी कार्यालय परिसर, कोलगांव, पालघर। संपर्क नं.: 02525-252215
आईसीएआर-सीआईबीए, नवसारी – मोबाइल नं.: 7977078509