वसई में मतदाता पंजीकरण और नागरिक समस्याओं पर मंथन, सांसद किरीट सोमैया और विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने किया क्षेत्रीय दौरा |

Share:

वसई। वसई विधानसभा क्षेत्र में मतदाता पंजीकरण (SIR) और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद किरीट सोमैया, वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित और राजन नाइक प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों को दिए निर्देश

वसई तहसील कार्यालय में आयोजित इस बैठक में मतदाता सूची, नागरिक शिकायतों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

जमीनी स्थिति का लिया जायजा

बैठक के बाद सांसद किरीट सोमैया और विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने पाचूबंदर, गास टाकीपाडा, कोळीवाडा और एकचोटी गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया और अवैध निर्माण, अनधिकृत झोपड़पट्टियों तथा संदिग्ध बाहरी नागरिकों के मामलों की समीक्षा की।

कानून-व्यवस्था पर जोर

स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए जनप्रतिनिधियों ने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।

सुनियोजित विकास का संकल्प

इस अवसर पर वसई के नागरिकों की सुरक्षा, जनहित के मुद्दों के समाधान और क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपविभागीय अधिकारी शेखर घाडगे, वसई-विरार महानगरपालिका के उपायुक्त अजित मुठे, सहायक आयुक्त संगीता घाडीगांवकर, नायब तहसीलदार राजाराम देवकाते, पुलिस निरीक्षक सौरभी पवार, पुलिस निरीक्षक विशाल वाळवी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share: