सुबह-सुबह मचा हड़कंप
गुरुवार की सुबह वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के वैतरणा और विरार रेलवे स्टेशनों के बीच एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे, नारंगी रेलवे फाटक के पास वलसाड-मुंबई सुपरफास्ट पैसेंजर ट्रेन की चपेट में एक अज्ञात महिला आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद ट्रेन चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।
रेल सेवाएं हुईं बाधित, यात्री परेशान
इस घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। ट्रेन को घटनास्थल पर ही खड़ा करना पड़ा, जिसका सीधा असर मुंबई की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों पर पड़ा। सुबह के व्यस्त समय में चर्चगेट की दिशा में चलने वाली लोकल ट्रेनें और कई लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित हुईं। हजारों यात्रियों को ऑफिस और कॉलेज जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस जांच जारी, 93 लोगों की जा चुकी है जान
रेलवे पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मीरा रोड से वैतरणा के बीच चालू वर्ष में अब तक रेल दुर्घटनाओं में 93 लोगों की मौत हो चुकी है।
रेलवे का नागरिकों से सख्त अपील
अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश हादसे रेलवे ट्रैक को अनधिकृत तरीके से पार करने के दौरान होते हैं। रेलवे प्रशासन और पुलिस ने एक बार फिर आम नागरिकों से सख्त अपील की है कि वे रेलवे लाइन पार करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और हमेशा फुटओवर ब्रिज तथा अधिकृत मार्गों का ही उपयोग करें।