नियोजित शिक्षक स्वाभिमान समूह की राज्य स्तरीय बैठक, 51 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन |

Share:

नियोजित शिक्षकों की दशा-दिशा, छात्रोत्थान में भूमिका और भविष्य की चुनौतियों पर हुआ संवाद

पटना। नियोजित शिक्षक स्वाभिमान समूह, बिहार की राज्य स्तरीय बैठक सह संवाद कार्यक्रम का आयोजन रविवार को जगजीवन राम संसदीय एवं राजनीतिक शोध संस्थान, सरदार पटेल मार्ग, पटना के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “नियोजित शिक्षक : दशा, दिशा एवं छात्रोत्थान में उनकी भूमिका तथा भविष्य की चुनौतियां” रहा। बैठक में बिहार के विभिन्न जिलों से आए शिक्षक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन एटक (AITUC) के महासचिव गजफर नबाब ने दीप प्रज्वलित कर किया। परिचर्चा के दौरान नियोजित शिक्षकों की भूमिका, सेवा संबंधी समस्याओं और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा हुई।

शिक्षा व्यवस्था में नियोजित शिक्षकों की भूमिका पर चर्चा

कैमूर से पहुंचे शिक्षक समूह के संस्थापक संजय कुमार ने कहा कि वर्ष 2007 से 2023 तक बिहार की शिक्षा व्यवस्था में नियोजित शिक्षकों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था के कठिन दौर में नियोजित शिक्षकों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शिक्षण कार्य को आगे बढ़ाया।

मुख्य अतिथि श्रमिक नेता एवं एटक महासचिव गजफर नबाब ने शिक्षकों से एकजुट होकर अपने सेवा संबंधी मुद्दों के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक स्तर पर लगातार संघर्ष और संवाद के माध्यम से ग्रेच्युटी, सेवानिवृत्ति के बाद उपार्जित अवकाश के नकद भुगतान, योगदान की तिथि से भविष्य निधि सहित अन्य सेवा लाभों से जुड़े मुद्दों को उठाया जा सकता है।

विभिन्न सेवा लाभों को लेकर मांगें रखीं

बैठक को संबोधित करते हुए पटना जिला अध्यक्ष नवल किशोर ने विभिन्न कार्यालयों के साथ हुए पत्राचार और सेवा संबंधी अद्यतन जानकारियां साझा कीं।

उन्होंने बैठक के माध्यम से 2012 एवं 2020 की नियमावली के अनुसार पदोन्नति, सेवानिवृत्ति के बाद ग्रेच्युटी, सेवानिवृत्ति के बाद उपार्जित अवकाश के नकद लाभ, योगदान की तिथि से भविष्य निधि (EPF) का लाभ, रनिंग स्केल, शारीरिक शिक्षकों के लिए 2400 ग्रेड पे तथा शहरों में कार्यरत शिक्षकों के लिए परिवहन भत्ता देने की मांग राज्य सरकार के समक्ष रखी।

ये मांगें शिक्षक संगठन की ओर से रखी गईं और बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने इन मुद्दों पर चर्चा की।

51 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी का गठन

बैठक में आम सहमति से 51 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष सहित कुल 51 सदस्यों को शामिल किया गया।

कार्यक्रम का संचालन शैलेश जी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संजय कुमार ने किया।

रिपोर्ट: विनोद प्रसाद | तृप्ति प्रमाण

Share: