प्रदेश स्तरीय अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
जौनपुर/करंजाकला। उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित प्रदेश स्तरीय अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जौनपुर के खिलाड़ी शिवम ने स्वर्ण पदक जीतकर जनपद के साथ-साथ वाराणसी मंडल का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी।
उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ की ओर से 26 और 27 सितंबर 2026 को बरेली में 6वीं उत्तर प्रदेश राज्य अंडर-23 चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शिवम ने लांग जंप स्पर्धा में प्रतिभाग किया और प्रथम स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
लांग जंप में हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में शिवम ने 7:15 सेंटीमीटर की छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके इस प्रदर्शन से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
शिवम वर्तमान में इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिद्दीकपुर में क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर की देखरेख में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। नियमित प्रशिक्षण और मेहनत के बाद प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
जौनपुर और वाराणसी मंडल को मिली पहचान
शिवम की इस सफलता से जौनपुर सहित पूरे वाराणसी मंडल के खेल प्रेमियों में उत्साह है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा




