सिद्दीकपुर, जौनपुर: सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले अधेड़ व्यक्ति की शुक्रवार को पहचान हो गई। मृतक की पहचान धौरइल गांव निवासी रामराज गौतम के रूप में उनके परिवार के सदस्यों ने की।
जानकारी के अनुसार, रामराज गौतम पारिवारिक विवादों से परेशान थे। बताया जा रहा है कि इसी परेशानी के चलते वह गुरुवार तड़के घर से निकल गए थे। सुबह जब परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की तो उनका कोई पता नहीं चला।
परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित थे। देर शाम तलाश के दौरान उन्हें सूचना मिली कि मेहरावां में एक अज्ञात वृद्ध व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है।
सूचना मिलने के बाद परिवार और गांव के लोग थाने पहुंचे और पुलिस से जानकारी ली। इसके बाद पुलिस के साथ परिजन पोस्टमार्टम के लिए मछलीशहर पहुंचे। वहां मृतक की पत्नी और गांव के लोगों ने शव की पहचान रामराज गौतम के रूप में की।
रामराज की मौत की सूचना दिल्ली में रह रहे उनके बेटे को भी दी गई, जिसके बाद वह तत्काल घर पहुंच गया।
रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण




