दुष्काल प्रभावित किसानों की मदद के लिए बोईसर में सजेगा ‘रास रंग’ |

Share:

युवा फाउंडेशन का नौ दिवसीय गरबा महोत्सव; आम नागरिकों के लिए नि:शुल्क प्रवेश, सुरक्षा के लिए महिला बाउंसर, डॉक्टर और एंबुलेंस की व्यवस्था

बोईसर, पालघर: युवा फाउंडेशन की ओर से पालघर के बोईसर में नौ दिवसीय ‘रास रंग’ गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन से प्राप्त होने वाली निधि का उपयोग दुष्काल प्रभावित किसानों की मदद के लिए किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष भरत राजपूत ने पत्रकारों को यह जानकारी दी।

आयोजकों के अनुसार, ‘रास रंग’ में आम नागरिकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के सभी वर्गों के लोगों को बिना किसी आर्थिक बाधा के गरबा उत्सव में शामिल होने का अवसर देना है।

नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। आयोजकों का कहना है कि गरबा उत्सव के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़ने का प्रयास किया गया है, ताकि आयोजन से होने वाला लाभ जरूरतमंद किसानों तक भी पहुंच सके।

कार्यक्रम में कई पदाधिकारी और नेता मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष भरत राजपूत, शिवसेना (शिंदे गुट) के जिला प्रमुख वसंत चव्हाण, विहिप के विभाग मंत्री चंदन सिंह, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रशांत संखे, शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता सौरभ अप्पा, तुषार संखे, अंकुर राउत और मुकेश पाटील सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला बाउंसर तैनात

आयोजकों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर महिला बाउंसरों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टर और एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगे।

भीड़ को नियंत्रित करने और कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात रहेगी।

आयोजकों के मुताबिक, इस कार्यक्रम के माध्यम से मनोरंजन के साथ जरूरतमंद किसानों की सहायता का संदेश भी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण

Share: