सिद्धीकपुर चौराहे पर वाहनों की लगी लंबी कतारें; स्थानीय लोगों ने पुलिस की अनुपस्थिति पर उठाए सवाल, नियमित तैनाती की मांग
जौनपुर : सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर-शाहगंज-लुंबिनी मार्ग पर स्थित सिद्धीकपुर चौराहे पर बुधवार दोपहर भीषण जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि जाम वाली जगह से महज 100 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ चौकी स्थित है, लेकिन यातायात सुचारु कराने के लिए पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे।
चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से सड़क के दोनों ओर आवागमन प्रभावित हो गया। दोपहिया, चारपहिया और बड़े वाहन जाम में फंसे रहे। राहगीरों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्कूली बच्चों, मरीजों और जरूरी काम से यात्रा कर रहे लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
सिद्धीकपुर चौराहे पर आए दिन जाम की समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिद्धीकपुर चौराहे पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि पुलिस बूथ चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित इस चौराहे पर आए दिन मारपीट और विवाद की घटनाएं भी होती रहती हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
नियमित पुलिस तैनाती की मांग
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुलिस चौकी चौराहे के इतने करीब है, तो जाम लगने की स्थिति में पुलिसकर्मियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभालनी चाहिए।
लोगों ने उच्चाधिकारियों से सिद्धीकपुर चौराहे पर नियमित पुलिसकर्मियों की तैनाती करने, जाम की समस्या से निजात दिलाने और आए दिन होने वाले विवादों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम जनता को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
रिपोर्ट: शम्भू विश्वकर्मा


