---Advertisement---

अंधेरी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 5 आईफोन सहित 7 फोन बरामद |

---Advertisement---

मुंबई, त्रुप्ति प्रमाण: अंधेरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) की मदद से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी के 7 चोरी के मामलों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
आरपीएफ अंधेरी पोस्ट के निरीक्षक राजीव सिंह सलारिया के निर्देशन में सीपीडीएस टीम स्टेशन परिसर में निगरानी बनाए हुए थी। 25 अप्रैल को टीम ने तकनीकी सर्विलांस और एफआरएस की सहायता से एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम लक्ष्मी कांत राजेंद्र प्रसाद (30 वर्ष), निवासी जालौन, उत्तर प्रदेश बताया।
पूछताछ में खुले कई राज


जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान अंधेरी स्टेशन से पांच मोबाइल चोरी करने की पुष्टि की। इन घटनाओं की तारीखें 8 जनवरी, 10 जनवरी, 8 अप्रैल, 22 अप्रैल और 25 अप्रैल बताई जा रही हैं। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बोरीवली और एमएमसीटी जीआरपी क्षेत्र में दर्ज चोरी के दो अतिरिक्त मामलों से भी जुड़ा हो सकता है। आरोपी का कहना है कि वह मुख्य रूप से महंगे ब्रांड के मोबाइल फोन, विशेषकर आईफोन मॉडल को निशाना बनाता था।
दिल्ली मेट्रो में भी रहा है सक्रिय
निरीक्षक राजीव सिंह सलारिया के अनुसार, आरोपी की कार्यशैली से पता चलता है कि वह इस प्रकार की गतिविधियों में माहिर है और पूर्व में दिल्ली मेट्रो परिसर में भी समान प्रकार की घटनाओं में शामिल रहा हो सकता है। वर्तमान में आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अंधेरी जीआरपी के हवाले कर दिया गया है, जहां उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरपीएफ प्रशासन की ओर से बताया गया है कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी निगरानी प्रणाली को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा गश्त को सख्त रखा जाएगा।
नोट: यह रिपोर्ट आरपीएफ द्वारा जारी जानकारी और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर आधारित है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh