मुंबई (तृप्ति प्रमाण न्यूज़): फिल्ममेकर और फैशन स्टाइलिस्ट रिया कपूर की टीम के साथ एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। न्यूयॉर्क जा रही टीम से 1.35 करोड़ रुपये की डायमंड ज्वेलरी गायब हो गई है। पुलिस के अनुसार, सहार थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
न्यूयॉर्क पहुंचने पर खुले तो बॉक्स निकले खाली
जानकारी के मुताबिक, रिया कपूर की मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह एक फैशन इवेंट में हिस्सा लेने के लिए टीम के सदस्यों के साथ न्यूयॉर्क जा रही थीं। उनके हैंडबैग में ज्वेलरी के दो बॉक्स रखे थे, जिनमें मेहता ज्वेलर्स और गोयंका ज्वेलर्स से किराए पर लिए गए महंगे हीरों के ईयररिंग्स थे। न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद जब इन बॉक्सों को खोला गया, तो वे पूरी तरह खाली थे।
1.35 करोड़ के आभूषण हैं गायब
चोरी हुई ज्वेलरी में मेहता ज्वेलर्स के 66 लाख रुपये और गोयंका ज्वेलर्स के 69 लाख रुपये के डायमंड ईयररिंग्स शामिल हैं। इस तरह कुल मिलाकर 1.35 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी होने की पुष्टि हुई है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी
शिकायत मिलने के बाद सहार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियां एयरपोर्ट, फ्लाइट और अन्य संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह चोरी मुंबई एयरपोर्ट पर हुई, फ्लाइट के दौरान या फिर न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मामले की तफ्तीश जारी है।