---Advertisement---

पर्यटन स्थलों में जीविका उत्पादों के लिए हाट-बाजार बनाने की तैयारी, ग्रामीण विकास मंत्री ने दिए निर्देश |

---Advertisement---

पटना। ग्रामीण क्षेत्र के विकास और गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने नाबार्ड और विभागीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं में गरीबों की जरूरतों और उनके रोजगार पर विशेष चर्चा हुई।

पर्यटन स्थलों पर लगेगा आधुनिक हाट-बाजार

बैठक में मंत्री ने राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्रों पर अत्याधुनिक हाट बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उनका मानना है कि पर्यटन स्थलों पर हाट बनाने से जीविका और किसानों के उत्पादों का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रचार-प्रसार होगा। इससे ग्रामीण उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी और गरीबों की आमदनी में सीधा इजाफा होगा।

जीविका दीदियों को मिलेगा प्लंबर ट्रेनिंग का मौका

जीविका दीदियों और अन्य गरीबों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड स्तर पर कम से कम 10 महिलाओं और युवतियों को प्लंबर की ट्रेनिंग दी जाए। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में पुराने और खाली पड़े सरकारी भवनों को चिन्हित कर उन्हें हाट और बाजार के रूप में तैयार करने के निर्देश जारी किए गए।

पांच वर्षों में हर ग्राम पंचायत में बनेगा एक हाट

विभागीय प्रधान सचिव पंकज कुमार ने नाबार्ड के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों की योजनाओं की विस्तृत रूपरेखा बनाने को कहा। उन्होंने यह लक्ष्य निर्धारित किया कि आगामी पांच वर्षों के भीतर प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक हाट बनकर तैयार हो जाए। सभी हाट को डिजिटल मार्केट से जोड़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं भी लागू की जाएंगी।

पहाड़ी और आदिवासी क्षेत्रों में पशुपालन पर विशेष जोर

पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए भी बैठक में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने पश्चिम चंपारण, मुंगेर और नवादा जैसे पहाड़ी जिलों में बकरी पालन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। साथ ही, आदिवासी इलाकों में पशुपालन के लिए प्रस्ताव बनाकर संबंधित क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने की बात कही गई।
बैठक में जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा, वीबी-जी राम जी योजना की आयुक्त अनन्या सिंह, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह सहित कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh