वसई। वसई पश्चिम स्थित भुईगांव समुद्र तट (Bhuigaon Beach) पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात युवक का शव देखा। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। समुद्र तट पर शव मिलने की सूचना फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा स्थानीय नागरिकों द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर मृतक की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
मौत के कारणों की जांच जारी प्राथमिक तौर पर पुलिस हर संभावित कोण से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
चार दिन में दूसरी बार मिला अज्ञात शव, नागरिकों में चिंता गौरतलब है कि महज चार दिन पहले ही अर्नाला समुद्र तट पर भी एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। चार दिनों के भीतर वसई के समुद्र तटों पर लावारिस शव मिलने की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। पुलिस दोनों ही मामलों को गंभीरता से लेते हुए आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।