पालघर। प्राकृतिक आपदाओं और लगातार आ रही आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे पालघर जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार की ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026’ के तहत जिले के 5,169 पात्र किसानों के लिए 29 करोड़ 20 लाख 43 हजार रुपये का फंड स्वीकृत कर प्राप्त हो गया है। यह पूरी राशि सीधे संबंधित किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
2 लाख रुपये तक का कर्ज होगा माफ
योजना के मापदंडों के अनुसार, जिन पात्र किसानों का 30 सितंबर 2025 तक फसल ऋण बकाया था और जो 31 मार्च 2026 तक कर्ज चुकाने में असमर्थ रहे हैं, उन्हें अधिकतम 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी का सीधा लाभ दिया जा रहा है।
नियमित कर्ज चुकाने वाले किसानों को 50 हजार का इंसेंटिव
सरकार ने केवल संकटग्रस्त किसानों को राहत ही नहीं दी है, बल्कि अनुशासन के साथ समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को भी प्रोत्साहित किया है। योजना के तहत नियमित रूप से कर्ज की अदायगी करने वाले पात्र किसानों को 50 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन सहायता राशि दी जाएगी।
नो-ड्यूज (बकाया रहित) सर्टिफिकेट किया जाएगा जारी
यह कर्जमाफी योजना राष्ट्रीयकृत बैंकों, निजी बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंकों से लिए गए पात्र फसल ऋणों पर लागू है। प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (PACS) के पात्र ऋण भी इसमें शामिल किए गए हैं। किसानों के ऋण खातों में राशि जमा होते ही उन्हें बैंक की ओर से ‘बकाया रहित (No-Dues) प्रमाणपत्र’ जारी कर दिया जाएगा।
(न्यूज़ पोर्टल: तृप्ति प्रमाण)