सूरत से सुरक्षित बरामद हुआ मासूम बच्चा
ठाणे जिले के मुंब्रा से कई महीनों से लापता एक मासूम बच्चे को ढूंढ निकालने में मुंब्रा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लापता बच्चे को गुजरात के सूरत शहर से सकुशल बरामद कर लिया। थाने लाकर जब पुलिस ने बच्चे को उसकी मां तस्लीम मर्चेंट के सुपुर्द किया, तो परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
वरिष्ठ अधिकारियों और शमराव माने की टीम की रही अहम भूमिका
बच्चे की तलाश और उसे सुरक्षित वापस लाने में पुलिस अधिकारी शमराव माने और उनकी विशेष जांच टीम ने दिन-रात एक कर दिया था। पुलिस टीम ने कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए और तकनीकी सर्विलांस की मदद से बच्चे की लोकेशन सूरत में ट्रेस की और तुरंत वहां पहुंचकर बच्चे को अपनी कस्टडी में लिया।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन का जताया आभार
मासूम के सकुशल घर लौटने पर पीड़ित परिवार में महीनों बाद त्योहार जैसा माहौल बन गया। तस्लीम मर्चेंट और उनके पूरे परिवार ने ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले और शमराव माने की टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। कई महीनों के लंबे और दर्दनाक इंतजार के बाद मां-बेटे का यह पुनर्मिलन हर किसी को भावुक कर गया।