घर का दरवाजा न खुलने पर सामने आई घटना
नालासोपारा पूर्व के नागिनदास पाड़ा इलाके में एक 28 वर्षीय युवक द्वारा अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त करने का दुखद मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही तुलिंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है।
लोहे के खंभे से पर्दे के सहारे लटका मिला शव
मृतक की पहचान गणेश मोहन आंबलेशकर (28) के रूप में हुई है, जो पार्वती चॉल, वाघोबा मंदिर के पास रहता था। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे जब गणेश ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला, तो उसकी मां ने पड़ोसी विजय यादव को सूचित किया। विजय ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो गणेश कमरे में लगे लोहे के खंभे से पर्दे के सहारे फांसी पर लटका हुआ था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, जांच जारी
परिजनों की मदद से गणेश को तुरंत वसई-विरार मनपा अस्पताल, विजय नगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की मां ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए तुलिंज पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।