सेवा संकल्प अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज जौनपुर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि |

Share:

श्रद्धांजलि सभा, स्वच्छता अभियान और अंगदान की शपथ का आयोजन; चिकित्सा शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने लिया सेवा एवं स्वच्छता का संकल्प

जौनपुर: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर 2026 को उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के नोडल डा. अनुज सिंह, स्वच्छता अभियान के नोडल डा. विनोद कुमार तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम नोडल डा. प्रियंका सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष शशांक सिंह ‘सानू’ एवं संयोजक मनीष चैरसिया उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथियों एवं चिकित्सा शिक्षकों ने दीप प्रज्वलित किया और महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को किया याद

मुख्य अतिथि अजीत प्रजापति ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को याद करते हुए कहा कि गांधीजी ने स्वतंत्रता आंदोलन में हिंसा एवं संघर्ष के स्थान पर सत्य, अहिंसा और शांतिपूर्ण मार्ग अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के “जय जवान, जय किसान” संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की प्रगति में सैनिकों के साथ किसानों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और प्रतिभा है तथा आवश्यकता उसे पहचानकर सही दिशा में उपयोग करने की है।

उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने और महात्मा गांधी के विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

युवाओं से सकारात्मक दिशा में ऊर्जा के उपयोग की अपील

विशिष्ट अतिथि शशांक सिंह ‘सानू’ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने की अपील

प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान राष्ट्रनायकों का जीवन और उनके कार्य सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि महान व्यक्तित्व अपने कर्मों और आदर्शों के कारण सदैव स्मरण किए जाते हैं।

उन्होंने चिकित्सा शिक्षकों एवं कर्मचारियों से महाविद्यालय की प्रगति में अपना सर्वोत्तम योगदान देने का आह्वान किया, ताकि महाविद्यालय चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ सके। उन्होंने एमबीबीएस विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ भविष्य में जिम्मेदार एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

सेवा और स्वच्छता को बताया सच्ची श्रद्धांजलि

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डा.) ए. ए. जाफरी ने कहा कि कार्यक्रम का संदेश केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि गांधीजी और शास्त्रीजी के आदर्शों को अपने कार्य-व्यवहार में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मरीज की सेवा को प्राथमिकता देना, अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखना, जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील रहना और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने चिकित्सकों, चिकित्सा शिक्षकों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से सेवा, स्वच्छता, अनुशासन और मानवता की भावना के साथ कार्य करते हुए उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा का केंद्र बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

अंगदान की दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम के दौरान डा. पूजा पाठक द्वारा अंगदान की शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को अंगदान के महत्व की जानकारी दी गई तथा समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अतिथियों एवं चिकित्सा शिक्षकों ने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की।

इस दौरान सभी ने स्वच्छता के महत्व को आत्मसात करते हुए अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने तथा नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर चीफ प्राक्टर प्रो. रूचिरा सेठी, डा. ले. कर्नल सीबीएस पटेल, डा. सरिता पाण्डेय, डा. अरविन्द पटेल, डा. जितेन्द्र कुमार, डा. मुदित चौहान, डा. चन्द्रभान, डा. विनोद वर्मा, डा. संजीव यादव, डा. नवीन कुमार, डा. आशुतोष सिंह, डा. इमरान, डा. रोहित सरोज, डा. अर्चना चौधरी, डा. दिपीका साव, डा. प्रतिभा सिंह, डा. पंकज कुमार, डा. मिथिलेश सिंह, डा. दीपक कुमार, डा. आसिया मेहदी, डा. संदीप सिंह सहित अन्य चिकित्सा शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा

Share: