---Advertisement---

मुरादाबाद में बिजली विभाग का महाअभियान: सुबह 4 बजे ताबड़तोड़ छापेमारी, 32 घरों में पकड़ी चोरी, 18 लाख का जुर्माना |

---Advertisement---

मुरादाबाद (तृप्ति प्रमाण)। मुरादाबाद में बिजली चोरों के खिलाफ जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। शनिवार तड़के सुबह 4 बजे, जब लोग गहरी नींद में थे, विभाग की विजिलेंस टीमों ने शहर के कई संवेदनशील इलाकों में एक साथ धावा बोल दिया। इस औचक “विद्युत चोरी रोको अभियान” से हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान 32 घरों में सीधे तौर पर बिजली चोरी पकड़ी गई, जिसके बाद विभाग ने आरोपियों पर 18 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोका है।

इन इलाकों में दी गई दबिश, मीटर बाईपास कर चल रहे थे एसी और हीटर

अधिशासी अभियंताओं के नेतृत्व में गठित बिजली विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने वारसीनगर, जामा मस्जिद क्षेत्र और बिलारी के सहसपुर जैसे बिजली चोरी के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों की घेराबंदी की। जांच के दौरान अधिकारी तब दंग रह गए जब 32 घरों में खुलेआम मीटर बाईपास और सीधे केबल में हुकिंग (कटिया) डालकर बिजली की चोरी की जा रही थी। विभाग के मुताबिक, इन घरों में करीब 61 किलोवाट का अतिरिक्त और अवैध विद्युत भार बिना किसी रिकॉर्ड के इस्तेमाल हो रहा था।

18 लाख का जुर्माना और सभी आरोपियों पर FIR दर्ज

बिजली चोरी के इस बड़े खेल का भंडाफोड़ करते हुए विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। पकड़े गए सभी 32 मामलों में करीब 18 लाख रुपये का राजस्व निर्धारण और शमन शुल्क (पेनल्टी) लगाया गया है। इसके साथ ही, सरकारी राजस्व को चूना लगाने वाले इन सभी आरोपियों के खिलाफ विद्युत चोरी निरोधक थाने में नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज करा दी गई है।

बिजली चोरों की खैर नहीं, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

कार्रवाई की जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता हर्ष राज रस्तोगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि ईमानदारी से बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने और लाइन लॉस को कम करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली चोरी करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे और आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक छापे और कड़े अभियान लगातार जारी रहेंगे।

संवाददाता: अंकित पाल (तृप्ति प्रमाण)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh