क्राइम

मुरादाबाद समाचार: जयंतीपुर में वेल्डिंग करने वाले युवक की गोली मारकर हत्या |

मुरादाबाद। मझोला क्षेत्र के जयंतीपुर मीनानगर में 22 वर्षीय वेल्डिंग के कामगार शाहरुख की गोली मारकर नृशंस हत्या कर दी गई। शाहरुख बुधवार रात से लापता था, जिसके बाद गुरुवार सुबह उसका शव घर से महज़ 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक दुकान के बाहर चबूतरे पर पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी
शाहरुख बुधवार को रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने गया था। काफी देर तक वापस न आने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। देर रात तक तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं लगा।

गुरुवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि शाहरुख का शव घर के पास एक दुकान के बाहर पड़ा है। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता समेत फोरेंसिक टीम भी पहुंची।

मुकदमेबाजी की थी रंजिश
परिवार के लोगों ने पूछताछ में बताया कि शाहरुख का अमान, साजिब, अनीस और सालिम नामक लोगों के साथ 9 साल पुराना विवाद चल रहा था। यह मामला कोर्ट में लंबित था। आरोपियों की ओर से शाहरुख पर फैसला करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। पुलिस को शक है कि इसी रंजिश में शाहरुख की हत्या की गई।

एसपी सिटी ने बताया कि मृतक की मां अफसाना ने तहरीर देकर चारों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

इकलौता कमाने वाला था शाहरुख
शाहरुख अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके पिता मुजीबुर्रहमान की सात साल पहले मौत हो गई थी, जबकि उसकी एक बहन की भी कुछ समय बाद मौत हो गई। अब परिवार में उसकी मां अफसाना और दो छोटी बहनें मुस्कान और फातिमा हैं। पिता की मौत के बाद 15 साल की उम्र में ही शाहरुख ने कमाना शुरू कर दिया था।

पुलिस ने शुरू की जांच, कई एंगलों पर हो रही पड़ताल
मझोला पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस मुकदमेबाजी के सिवा भी अन्य एंगलों पर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है।

Shekhar Singh

Senior Journalist & Chief Editor covering breaking national and international news stories.