नालासोपारा। नालासोपारा पूर्व के आचोले क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ‘रोशनी अपार्टमेंट’ नामक इमारत की पहली और दूसरी मंजिल की बालकनी का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। दूसरी मंजिल का स्लैब टूटकर पहली मंजिल पर गिरने से दोनों मंजिलों के छज्जे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
बाल-बाल बचे लोग, टली बड़ी जनहानि
हादसे के वक्त सबसे राहत की बात यह रही कि बालकनी या उसके नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि होने से बच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए इमारत में रहने वाले सभी परिवारों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरी बिल्डिंग खाली करा दी गई। इस इमारत में करीब 55 फ्लैट हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम
घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) का दमकल दस्ता और आचोले पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। फिलहाल इमारत की संरचनात्मक स्थिति (Structural Audit) और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
मनपा प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
इस हादसे के बाद शहर की खतरनाक व जर्जर इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नगरसेवक विशाल पाटील ने महानगरपालिका के अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते ऐसी जर्जर इमारतों को चिह्नित कर नोटिस जारी किए जाते और उन्हें खाली कराया जाता, तो यह हादसा रोका जा सकता था।
घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में इमारतों की मजबूती और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी चिंता बनी हुई है।
(न्यूज़ पोर्टल: तृप्ति प्रमाण)