‘अनुपमा’ परिवार के साथ काम करने को लेकर रोमीत राज ने साझा किया अनुभव |

Share:

रुपाली गांगुली के साथ स्क्रीन शेयर करना बताया शानदार अनुभव, सेट के खुशनुमा माहौल की जमकर की तारीफ

मुंबई। टेलीविजन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘अनुपमा’ में रणविजय के किरदार के साथ अभिनेता रोमीत राज की एंट्री हुई है। शो का हिस्सा बनने के बाद रोमीत राज ने अपने अनुभव साझा करते हुए ‘अनुपमा’ की पूरी टीम के साथ काम करने को बेहद खास बताया है। उनका कहना है कि शो के सेट पर सकारात्मक माहौल, हंसी-मजाक और कलाकारों के बीच आपसी अपनापन नए कलाकार को भी परिवार का हिस्सा होने का एहसास कराता है।

रोमीत राज के मुताबिक, शो में अपने पहले दिन ही उन्हें पूरी टीम की ओर से काफी गर्मजोशी और अपनापन मिला। उन्होंने बताया कि सेट पर कलाकारों के बीच जिस तरह की सहज दोस्ती और आपसी तालमेल देखने को मिलता है, उससे उनके लिए नए किरदार और नई टीम के साथ जुड़ना काफी आसान हो गया।

अभिनेता ने बताया कि शूटिंग के बीच कलाकारों के बीच होने वाली बातचीत और हंसी-मजाक सेट के माहौल को और खुशनुमा बना देते हैं। बापू जी का प्रेम और बैंकू के साथ मजाक करना हो या फिर बा का अपने अनुभव साझा करना, इन छोटे-छोटे पलों ने रोमीत को काफी प्रभावित किया।

रोमीत राज ने अभिनेत्री रुपाली गांगुली के साथ काम करने के अनुभव को भी खास बताया। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से रुपाली के अभिनय के प्रशंसक रहे हैं और उनके साथ स्क्रीन साझा करना उनके लिए शानदार अनुभव है। रोमीत ने रुपाली को प्रतिभाशाली अभिनेत्री बताते हुए कहा कि उनके साथ काम करके उन्हें काफी कुछ सीखने का अवसर मिल रहा है।

शूटिंग सेट पर साथ बैठकर खाना खाने की परंपरा का भी रोमीत ने जिक्र किया। उनके अनुसार, पूरी टीम का एक साथ बैठना, खाना खाना, बातचीत करना और हंसी-मजाक करना शो के कलाकारों और क्रू के बीच मजबूत बॉन्डिंग को दर्शाता है। लंबे शूटिंग शेड्यूल के बीच इस तरह का माहौल काम करने की ऊर्जा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

रोमीत राज ने शो के निर्देशकों की भी सराहना की। उन्होंने निर्देशक रमेश कलरा को शानदार निर्देशक बताते हुए उनके काम के प्रति सम्मान व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने निर्देशक भीम और अभय का भी आभार जताया, जिन्होंने रणविजय के किरदार को समझने और उसे बेहतर तरीके से पर्दे पर उतारने में उनकी मदद की।

रोमीत के लिए ‘अनुपमा’ का हिस्सा बनना सिर्फ एक नए टीवी शो से जुड़ना नहीं, बल्कि एक ऐसी टीम का हिस्सा बनना है, जहां काम के साथ-साथ आपसी सहयोग और सकारात्मक माहौल को भी महत्व दिया जाता है। रणविजय के चुनौतीपूर्ण और अलग अंदाज वाले किरदार को निभाते हुए अभिनेता इस नई भूमिका को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।

तृप्ति प्रमाण | राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक
संवाददाता: साहिल यादव

Share: